11 सूत्री मांग को लेकर नगर निगम कर्मियों का अनिश्चितकालीन हड़ताल शनिवार को भी जारी रहा। गया जल आपूर्ति शाखा एवं गया नगर निगम कर्मचारियों ने मांग पूरा नहीं होने के विरोध के शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व प्रधान सचिव आनंद किशोर का पुतला शहर भ्रमण कराते हुए मोक्ष धाम विष्णु नगरी में ले जाकर दहन किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि सफाईकर्मी का वेतन बढ़ोतरी, अपनी सुरक्षा की गारंटी और निजीकरण के प्रयासों पर रोक लगाने आदि की मांग पर हड़ताल पर हैं। इन मुद्दों पर सरकार को विचार करना चाहिए।
बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ व संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर हड़ताली कर्मचारियों ने नगर निगम स्टोर से जुलूस निकाला जो शहर के मुख्य मार्ग स्वराजपुरी, काशीनाथ मोड़, समाहरणालय, नगर निगम कार्यालय, कोइरी बारी, नादरागंज, चांद चौरा होते हुए विष्णुपद गया जहां उसे जलाया गया। इस दौरान सभा हुई। सभा को नेताओं ने संबोधित किया।
गया शहर की स्थिति हुई नारकीय
निगम कर्मियों के 27 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने से शहर की स्थिति नारकीय हो गई है। कूड़े कचरे का उठाव पूरी तरह से ठप है। इसके कारण कचरे का ढेर पसरा हुआ है तथा गंदगी का आलम बना हुआ है। इसके कारण लोगो को काफी परेशान होना पड़ रहा है।