गाजीपुर। गंगा का जलस्तर धीरे-धीरे चेतावनी बिंदु के ऊपर पहुंच गया है। इसे लेकर तटवर्तियों में भय समाने लगा है। जल स्तर में 4 सेंमी प्रति घंटे की रफ्तार से वृद्धि हो रही है। इससे बाढ़ की आशंका जताई जाने लगी है। एक तरफ लोग गंगा में बाढ़ को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं, वहीं प्रशासन को भी अलर्ट कर दिया गया है।
दोपहर 12:00 बजे गंगा का जलस्तर 61.590 मीटर दर्ज किया गया था, जबकि चेतावनी बिंदु 61.550 मीटर है। खतरे का निशान 63.105 है। गंगा का पानी बढ़ने से किनारे बसे लोगों की धुकधुकी बढ़ गई है। अगर इसी तरफ से गंगा के बढ़ने का सिलसिला जारी रहा तो खतरे का निशान छूने में देर नहीं लगेगी। बाढ़ की आशंका के मद्देनजर जिला प्रशासन ने भी संबंधित क्षेत्रों में अधिकारियों को सतर्कता बरतने की हिदायत दे दी है।