बिक्रमगंज प्रखंड क्षेत्र के मोरौना गांव में गुरुवार को जीविका द्वारा महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित कर मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की जानकारी दी गई। संवाद कार्यक्रम में औडियो और वीडियो के माध्यम से बताया गया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा हर घर महिला स्व रोजगार के लिए 10000 रूपये की पहली किस्त दी जा रही है। इसे प्राप्त कर हर परिवार की महिला उद्यमी बन सकती है। महिला संवाद को सम्बोधित करते हुए जीविका के आलोक कुमार ने विस्तार पूर्वक जानकारी समूह के महिला सदस्यों को दिए। उन्होने बताया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत ग्राम संगठन में आवेदन देना होगा। जिसका ग्राम संगठन के बैठक में अनुमोदन किया जाएगा। फिर उसे प्रखंड कार्यालय और जिला कार्यालय को भेजा जाएगा। उस आवेदन की जाँच प्रखंड और जिला इकाई के द्वारा किया जाएगा। आवेदन स्वीकृत होने पर ट्रेजरी के माध्यम से लाभार्थी के बैंक खाते में राशि भेज दी जाएगी। कोई महिला शहर में रहती है तो वह ऑनलाइन पोर्टल से आवेदन कर सकती है। उन्होंने कहा कि यदि इस योजना का लाभ दिलाने के लिए कोई पैसे की मांग करता है तो उसकी सीधा शिकायत विभागीय अधिकारी को करें। इसमें किसी को कोई पैसा नहीं देना है। सरकार जीविका के माध्यम से हर महिलाओं को तकनीकी प्रबंधन की जानकारी देकर हर परिवार के महिलाओं को उद्यमी बनाना चाहती है। कार्यक्रम में अभिषेक कुमार, कृष्ण कुमार, मोती कुमारी, रीना कुमारी, प्रमिला देवी, विद्यावती देवी सहित सैकड़ों जीविका के महिला उपस्थित थीं।