अरवल । जिले मे राष्ट्रीय सांप्रदायिक सद्भाव प्रतिष्ठान, गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा किए गए एक अनुरोध के तहत राजकीयकृत+2 रामेश्वर उच्च विद्यालय, बम्भई में यूथ क्लब के तत्वावधान में रविवार से सांप्रदायिक सद्भाव सप्ताह अभियान एवं झंडा दिवस (19 नवंबर से 25 नवंबर के आयोजन का शुभारंभ किया गया।
इसके अंतर्गत पूरे सप्ताह कौमी एकता एवं सांप्रदायिक सद्भाव को प्रोत्साहित करने वाले विभिन्न कार्यक्रम रखें गये हैं तथा इसकी रूपरेखा तैयार की गई है। कार्यक्रम का शुभारंभ नोडल शिक्षक सह कार्यक्रम संयोजक डाॅ० ज्योति कुमार द्वारा सद्भाव को प्रेरित करने वाले संदेश से किया गया। उन्होंने कहा कि धार्मिक सद्भाव हमारे महानतम देश की समृद्ध परंपरा रही है।
राष्ट्र की प्रगति के लिए सांप्रदायिक सद्भाव आवश्यक है।बता दें कि सद्भाव सप्ताह के अंतर्गत टिकटों का वितरण कर दानराशि एकत्रित कर प्राप्त धनराशि को सांप्रदायिक,जातीय या आतंकवादी हिंसा में होनेवाले अनाथ और निराश्रित बच्चों के सहायतार्थ रा०सा०स०प्रति०,नई दिल्ली को प्रेषित किया जाता है।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक मनीष कुमार ने मंच संचालन करते हुए कहा कि कौमी एकता ही हमारी असली शक्ति है। हमारी असली पहचान हमारी राष्ट्रीयता यानी कि हमारा भारतीय होना है।
क्लब के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक इस कार्यक्रम में भाग लिया। मौके पर शिक्षक नागेन्द्र कुमार, अक्षय कुमार, राकेश रंजन, राजीव रंजन, राजेश्वर प्रसाद सहित कई लोग मौजूद थे।