बिक्रमगंज। स्थानीय प्रशासन ने डीजे लगाकर शहर में ऊंची आवाज में प्रचार करने वालों के विरुद्ध सख्ती किया है। डीजे पर बजते पूरे दिन ऊंची आवाज में चलते प्रचार गीत व प्रचार से शहरवासियों का जीना मुहाल हो गया था। नगरवासियों की सुविधा का ध्यान दिए बिना सुबह से रात 10 बजे तक बजते डीजे के कारण शहर में खड़ा होना मुश्किल हो गया था।
बिक्रमगंज नगर परिषद के मुख्य पार्षद के लिए 28 और उप मुख्य पार्षद के लिए 14 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं और एक दो प्रत्याशी को छोड़कर लगभग सभी प्रत्याशी बड़ी बड़ी वाहनों पर, ऑटो, ई रिक्शा पर लाउड स्पीकर और डीजे बांध कर प्रचार की होड़ में शामिल थे। आलम यह था कि एक गया नहीं कि दो – चार वाहन पहुंच जाते थे। सड़क के किनारे रहने वाले घरों के लोग और दुकानदार डीजे और ऊंची आवाज से त्रस्त थे।
गुरुवार की शाम प्रशासन ने सख्ती किया और पांच विभिन्न प्रत्याशियों का डीजे लगा प्रचार वाहन जब्त कर कानूनी कार्रवाई के लिए थाना को सुपुर्द कर दिया। सीओ आलोक चंद्र रंजन ने बताया कि मुख्य बाजार में आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन और अनुमति लिए गए प्रचार वाहनों पर निर्धारित शर्तों का उल्लंघन किया जा रहा था। इसी क्रम में गुरुवार की शाम विभिन्न जगहों से डीजे लगा पांच प्रचार वाहनों को जब्त किया गया है।