Bakwas News

बलिया : बिल्थरारोड में भजन कीर्तन के दौरान माइक में आया करंट, एक महिला की मौत व 2 महिलाएं गंभीर रुप से झुलसीं

  • हादसे में दो अन्य महिलाएं गंभीर रुप से झुलसीं।
  • डीह बाबा के स्थान पर महिलाएं कर रही थी शिव चर्चा।
  • उभांव के चैनपुर गुलौरा गांव के मठिया में हुआ हादसा।

बिल्थरारोड। माइक में उतरे करंट की चपेट में आकर  एक महिला की मौत हो गयी। हादसे में दो अन्य महिलाएं गंभीर रुप से झुलस गयीं। दोनों का इलाज सीएचसी सीयर पर चल रहा। उभांव थाना क्षेत्र के चैनपुर गुलौरा के मठिया मौजा में स्थित डीह बाबा स्थान पर  शिव चर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसमें करीब दो दर्जन महिलाएं शामिल होकर भजन-कीर्तन कर रही थीं। इसी बीच किसी प्रकार लाउडस्पीकर के माइक में करंट उतर गया। इसकी जद में आकर मठिया निवासी 55 वर्षीय फुलपरी, 50 वर्षीय शांति तथा 45 वर्षीय लीलावती झुलस गयी। इसके बाद मौके पर भगदड़ मच गयी तथा शोर मचाते हुए महिलाएं इधर-उधर भागने लगी। जानकारी होने के बाद पहुंचे ग्रामीणों ने तीनों को सीएचसी सीयर पर पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद फुलपरी को मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी होने के बाद परिजन भी रोते-बिलखते अस्पताल पहुंच गये। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जा में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया।

लाउडस्पीकर मशीन से माइक तक पहुंचा करंट

उभांव थाना क्षेत्र के चैनपुर गुलौरा गांव के मठिया में डीह बाबा के स्थान पर शिव चर्चा के लिये किराए पर लाउडस्पीकर मंगाया गया था। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो लाउडस्पीकर बैट्री से चल रहा था, लेकिन उसमें बिजली का तार भी जोड़ा गया था। भजन-कीर्तन के दौरान ही अचानक बिजली आ गयी तथा मशीन की गड़बड़ी से करंट माइक स्टैंड तक पहुंच गया। सबसे नजदीक बैठी फुलपरी उसकी चपेट में आ गयी। उनको बचाने के प्रयास में दो अन्य महिलाएं भी झुलस गयी।

 

Bakwas News
Author: Bakwas News

Leave a Comment