Bakwas News

उधार अंडा नही देने पर बदमाशों ने दुकानदार की पीट पीटकर की हत्या

अरवल। जिले में अपराधियों का तांडव लगातार जारी है। आए दिन लोगों की हत्या छोटी सी विवाद को लेकर कर दी जा रही है। ऐसे में अब एक ताजा मामला अरवल से निकल कर सामने आ रहा है। जहां अपराधियों ने एक बड़े हत्याकांड को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि यहां जब एक बुजुर्ग दुकानदार ने कुछ बदमाशों से अंडा का पैसा मांगा तो उन्होंने पीट-पीट कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।दरअसल, 61 साल के अयोध्या सिंह अंडा बेचते थे। वो कोहड़ौल गांव के रहने वाले थे और गांव में ही वो अंडा की गुमटी लगाते थे। यहां कुछ लोग उनकी गुमटी के पास आए और उधार में ही अंडा मांगने लगे। लेकिन अयोध्या सिंह ने इन लोगों को उधार में अंडा देने से मना कर दिया। इसके बाद यह बदमाश अयोध्या सिंह से बहस करने लगा।

वहीं, धीरे-धीरे यह बहसबाजी मारपीट में तब्दील हो गई। इन बदमाशों ने अचानक बुजुर्ग अयोध्या सिंह पर हमला कर दिया। इस दौरान अयोध्या सिंह की बेरहमी से पिटाई की गई। अयोध्या सिंह को अधमरा कर सभी बदमाश मौके से फरार हो गए। अयोध्या सिंह की पिटाई किए जाने की सूचना मिलने के बाद उनके परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। गुरुवार की सुबह इलाज के दौरान अयोध्या सिंह की मौत हो गई। अयोध्या सिंह की मौत के बाद उनके परिजनों का गुस्सा सांतवें आसमान पर चढ़ गया। नाराज लोगों ने जहानाबाद-अरवल राष्ट्रीय राजमार्ग 110 को जाम कर दिया।

उधर, आक्रोशित लोग इस जघन्य हत्याकांड में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। अयोध्या सिंह के बेटे बिमलेश कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा है कि अक्सर यह बदमाश उनके पिता की गुमटी पर उधार में ही अंडा खाकर चले जाते थे और पैसे मांगने पर विवाद करते थे। बुधवार को जब उनके पिता ने उधार देने से मना कर दिया तब इन बदमाशों ने उन्ही की गुमटी में रखे रॉड, पेचकस और अन्य हथियारों से उनकी पिटाई कर दी और आंख भी फोड़ दी।

Rajnish Ranjan
Author: Rajnish Ranjan

Leave a Comment