अरवल समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह एवं पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र कुमार भील की संयुक्त अध्यक्षता में ईद एवं रामनवमी पर्व के अवसर पर जिला शांति समिति एवं विधि व्यवस्था से संबंधित बैठक की गई। ईद पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु सभी पदाधिकारी एवं सामाजिक प्रतिनिधियों के साथ विचार विमर्श किया गया।इस दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और थानाध्यक्ष को अपने-अपने क्षेत्र के सभी पंचायतों में निरीक्षण करने एवं विधि व्यवस्था व सौहार्दपूर्ण स्थिति को सुनिश्चित करने हेतु निदेशित किया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा यह भी निदेशित किया गया कि पुलिस प्रशासन अलर्ट रहे, छोटे-छोटे बातों को लेकर साम्प्रदायिक विवाद होने की संभावना हो तो ऐसे स्थानों पर शीघ्र ही शांति समिति की बैठक करें।
अपने अपने क्षेत्रों के अंतर्गत सभी पदाधिकारी तत्पर रहे। अशांति फैलाने वालों पर पैनी नजर बनाए रखे। जिलाधिकारी ने शांति समिति के सदस्यों को जानकारी दी कि महत्वपूर्ण स्थलों पर रैपिड एक्शन टीम तैनात रहेगी। सभी अस्पताल के कर्मी भी तैयारी मोड में रहेंगे। क्विक रिस्पांस टीमों का भी गठन किया गया है। प्रशासन पूरी तरह सजग रहेगा। पुलिस द्वारा मद्य निषेध के साथ इनके सेवन पर भी प्रभावी रोक लगाने का प्रयास किया जाए, ताकि नशे के शिकार असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल न बिगाड़ा जाए।
इसी क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि सड़कों पर नमाज अदा नहीं किया जायेगा। ईद की नमाज के दौरान सभी मस्जिदों एवं ईदगाहों के पास अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी एवं दंडाधिकारी भ्रमणशील रहकर सारी स्थिति पर नजर रखेंगे। जिससे कि आपसी टकराव की संभावना क्षीण हो सके।
सभी नमाज स्थल ,ईदगाह पर पर्याप्त साफ-सफाई की व्यवस्था कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद एवं संबंधित प्रखण्ड विकास पदाधिकारी द्वारा किया जायेगा। उपस्थित सामाजिक जनप्रतिनिधियों द्वारा जानकारी दी गई कि कहीं भी किसी स्तर पर विधि व्यवस्था की समस्या जिले में अबतक नहीं हुई है। अरवल जिला साम्प्रदायिक सौहार्द की हमेशा एक मिसाल पेश करता रहा है, यहाँ हिन्दू व मुस्लिम भाईचारें के साथ रहते है व एक दूसरे का त्योहारों का सम्मान करते है। ईद पर्व जिले में शांति सद्भाव एवं भाईचारा के माहौल में मनाते आ रहे है तथा उसी माहौल में मनाया जायेगा।
बैठक में जिला नगर परिषद अध्यक्षा, आपूर्ति पदाधिकारी, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला जन संपर्क पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, सभी थाना प्रभारी के साथ जिला स्तरीय पदाधिकारी व अन्य उपस्थित थे।