आमस (गया) धर्मेन्द्र कुमार सिंह
गया जिले के आमस थाना क्षेत्र के मसूरीबार भलूआही गांव से दक्षिण भोलीबांध के पास जंगल से शनिवार को एक युवक की लाश मिली है। जिसकी पहचान गुरुआ थाने के वर्मा गांव निवासी स्व. वृक्ष मांझी के 23 वर्षीय पुत्र छोटू मांझी के रूप में की गई है। परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त की है। शुक्रवार की शाम कुछ चरवाहों की नजर शव पर पड़ी थी, लेकिन शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी।
जिसके बाद आमस पुलिस मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लिया। इससे पूर्व जिले से आई एफएसएल की टीम स्कॉड डॉग के सहारे घंटों जांच की। थानाध्यक्ष इंद्रजीत कुमार ने बताया कि गले पर उभरे निशान देखकर हत्या प्रतीत होती है। जिसकी जांच की जा रही है। कागजी खानापूरी के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल गया भेजा गया है। मामले को प्रेम प्रसंग से भी जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि अभी तक हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
साढू के यहां शादी समारोह में शामिल होने आया था छोटू
छोटे भाई गुड्डू ने बताया कि भैया भाभी के साथ अपने फुफेरे साढू उपेंद्र उर्फ जहूरी मांझी के घर भलुआही शादी समारोह में शामिल होने आए थे। लेकिन यहां बिजली करंट से एक युवक की मौत हो जाने के कारण शादी टल गई। कहा भाभी मनोरमा देवी ने मंगलवार को झगड़ा कर भैया के भाग जाने की जानकारी फोन पर दी थी। जिसके बाद से उनकी खोजबीन कर रहे थे। लेकिन कहीं पता नहीं चला और शनिवार को शव मिलने की जानकारी मिले तो भाग कर यहां पहुंचे। इसने साढू, भाभी और साले पर हत्या करने का आरोप लगाया है। छोटू की शादी 2021 में मनोरमा से हुई थी। इधर लाश मिलने की खबर प्रकाश में आते ही देखनेवालों की भारी भीड़ लग गई।