Bakwas News

अधिशासी अभियंता के भेदभाव को लेकर धरना की चेतावनी

गाजीपुर। सिंचाई संघ उत्तर प्रदेश जनपद शाखा नलकूप प्रखण्ड द्वितीय के कार्यकारिणी की बैठक खजुरिया तिराहा स्थित राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के कार्यालय पर संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेंद्र प्रताप नारायण की अध्यक्षता में हुई। इसमें अधिशासी अभियंता के भेदभाव पूर्ण नीतियों, नलकूप चालक, सींच पर्यवेक्षक, जिलेदार संवर्ग के साथ भेदभाव पूर्ण व्यवहार व अपने खास लोगों को विशेष लाभ पहुंचाने का आरोप लगाते हुए नवंबर के प्रथम सप्ताह में जमाबंदी कार्य का बहिष्कार, धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी गई। संघ के मंडल अध्यक्ष सुभाष सिंह ने कहा कि विभाग में नलकूपों पर विद्युत मीटर लगाने एवं विद्युत बीजक में भारी गोलमाल कर विभाग द्वारा नलकूप चालकों को बलि का बकरा बनाने का प्रयास विभाग के जेई, एई की मिलीभगत से किया जा रहा है। इसकी जांच अति आवश्यक है। संघ के जिलाध्यक्ष जमुना यादव ने आरोप लगाया कि बंद पड़े नलकूपों से भी फर्जी रकबा व घंटा दर्ज करने को कहा जाता है।  ऐसा न करने वाले कर्मचारियों को नौकरी से निलंबित करने की धमकी दी जाती है। सिंचाई संघ के संरक्षक एवं राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष अम्बिका दुबे ने नलकूप प्रखंड द्वितीय के समस्त क्रिया-कलाप की जिला स्तरीय गैर विभागीय टीम से उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। संघ के सुचारू रूप से संचालन के लिए खंड के उपखंडीय पदाधिकारियों को मनोनीत किया गया है।

इसमें उपखंड तृतीय इंद्र कुमार यादव अध्यक्ष, बृजेश कुमार मंत्री, उपखंड चतुर्थ में कैश अहमद अध्यक्ष, अमित वर्मा को मंत्री व सूर्यकांत कुमार को सिंचाई संघ का मीडिया प्रभारी मनोनीत किया गया है। इस दौरान बृजेश यादव, शैलेश कुशवाहा, शिव मूरत बिंद, दिनेश कुशवाहा, उत्कर्ष गुप्ता, अमरेंद्र यादव, अजय यादव, संदीप कुमार, सुनील कुशवाहा, राहुल कुमार गोंड, अनुराग मिश्रा, मनीष यादव, श्रवण कुमार, शिव कुमार तिवारी, महेंद्र शर्मा, मंगला यादव, मुन्नी लाल, रजनीकांत पांडेय, जय प्रकाश सिंह, नंदलाल राम, देवनाथ यादव, नरेंद्र सिंह, रामाधीन यादव, सत्य प्रकाश सहित समस्त उपखंडों के सदस्य उपस्थित थे। संचालन मंडल अध्यक्ष सुभाष सिंह ने किया। अंत में प्रमुख उपाध्यक्ष बृजेश यादव ने समस्त सदस्यों के प्रति आभार जताया।

Bakwas News
Author: Bakwas News

Leave a Comment