तरारी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सिकरहटा थाना क्षेत्र के रन्नी गांव में शुक्रवार को ठनका गिरने से एक युवक की मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार रनी गांव निवासी स्व. जमुना राम के पुत्र 48 वर्षीय महादेवा राम शुक्रवार को अपने धान के खेत में सोहनी करने गया था। इस बीच अचानक बादल गरजने की आवाज सुन खेत से घर के तरफ चला तभी गांव के आहर के समीप पहुचते ही आकाशीय बिजली गिरने से महादेवा राम की मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा है। जानकारी के अनुसार मृतक महादेवा राम की पत्नी उर्मिला देवी और चार पुत्र – चार पुत्री सहित सभी परिजनो का रो – रो कर बुरा हाल है। वहीं इस घटना से गांव पूरे दिन मातम छा गया है।
मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर सदर अस्पताल आरा भेज दिया। तरारी मध्य जिला परिषद सदस्य गिरीश नंदन उर्फ राकेश सिह ने मृतक के लिए सरकार से मुआबजा देने की माँग की है।