*14 से 18 नवंबर तक नाथ खरसा में होगा पांच दिवसीय भागवत कथा का आयोजन*
अंजनी कुमार
अरवल
अरवल जिले के कलेर प्रखंड के ग्राम नाथ खरसा में आयोजित होने वाले पांच दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव को लेकर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा जा रहा है. स्वर्गीय राजदुलारी देवी की स्मृति में 14 नवंबर से 18 नवंबर तक आयोजित इस भव्य धार्मिक कार्यक्रम में कथा वाचन के लिए मध्य प्रदेश से पधारीं प्रसिद्ध कथा वाचिका सुश्री स्वाति किशोरी मिश्रा जी का ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया.
कथा वाचिका के गांव पहुंचते ही महिलाओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उनका अभिनंदन किया. महिलाओं ने फूल-मालाएं पहनाकर, आरती उतारकर उनका स्वागत किया. इस दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और हर-हर महादेव एवं राधे-राधे के जयकारों से गांव गूंज उठा.
आयोजन समिती के प्रमुख अमरेन्द्र शर्मा के अनुसार, स्वर्गीय राजदुलारी देवी की स्मृति में आयोजित इस भागवत कथा का उद्देश्य क्षेत्र में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक चेतना को जागृत करना है. पांच दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में प्रतिदिन भक्तों को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का श्रवण करने का अवसर मिलेगा. कथा के साथ-साथ भजन-कीर्तन एवं प्रसाद वितरण का भी कार्यक्रम होगा.
कार्यक्रम को लेकर ग्रामीण काफी उत्साहित हैं. आयोजन समिति ने कथा स्थल पर भव्य पंडाल, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश एवं सुरक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है.
आयोजकों ने बताया कि इस कार्यक्रम में आसपास के गांवों के साथ-साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है.कथा वाचन प्रतिदिन निर्धारित समय पर होगा.
ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा एवं संस्कार की भावना मजबूत होती है.






