*14 नवंबर से वृंदावन की प्रसिद्ध कथा वाचिका स्वाति किशोरी मिश्रा करेंगी प्रवचन*
ANJANI KUMAR
*अरवल।*
अरवल जिले के कलेर प्रखंड अंतर्गत नाथ खरसा ग्राम में श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस पावन कथा में वृंदावन की प्रसिद्ध कथा वाचिका सुश्री स्वाति किशोरी मिश्रा का आगमन होगा।
आयोजन समिति के प्रमुख अमरेंद्र शर्मा ने बताया कि व्यास पीठ से सुश्री स्वाति किशोरी मिश्रा द्वारा 14 नवंबर से 18 नवंबर तक प्रतिदिन प्रवचन किया जाएगा। यह कथा स्व. राज दुलारी देवी की पुण्य स्मृति में आयोजित की जा रही है। कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि श्रीमद् भागवत कथा में मुख्य रूप से मोक्ष, मुक्ति, आत्मा की अमरता, भक्ति एवं भक्ति रस पर प्रवचन होगा। इस प्रवचन का मुख्य उद्देश्य दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करना और परिवार के सदस्यों को आध्यात्मिक संबल प्रदान करना है।
कथा व्यास सुश्री स्वाति किशोरी मिश्रा मुख्य रूप से राजा परीक्षित की कथा पर प्रकाश डालेंगी, जिन्हें मात्र सात दिनों में भागवत श्रवण से मोक्ष की प्राप्ति हुई थी। यह प्रवचन दिवंगत आत्मा के परम कल्याण की भावना से जुड़ा है।
कथा के माध्यम से पूर्वजों और पितरों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाती है, ताकि उनका आशीर्वाद परिवार पर सदैव बना रहे। कथा में भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, उद्धव-गोपी संवाद, ज्ञान-वैराग्य तथा भक्ति के संदेश का वर्णन किया जाएगा।
आयोजन समिति की ओर से कथा स्थल पर श्रद्धालुओं के बैठने, पेयजल, प्रकाश एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जा रही है।
समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से कथा में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।






