*दस दिन की छुट्टी में भी घर नहीं गई थीं मृतका, नवंबर 2023 में बीपीएससी शिक्षिका के रूप में हुई थी नियुक्ति
अंजनी कुमार
अरवल
शहर तेलपा थाना क्षेत्र के बेलखारा गांव में रविवार को एक शिक्षिका ने किराये के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के धामपुर की रहने वाली मानसी रानी के रूप में हुई है।
वह कन्या विद्यालय बेलखारा में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। गांव में ही वह विनोद मिस्त्री के मकान में किराये पर अकेले रहती थीं।
घटना की जानकारी उस समय हुई, जब रविवार दोपहर काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद मकान मालिक ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो मानसी रानी का शव पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ था। इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
विद्यालय के सहयोगी शिक्षकों के अनुसार, मानसी रानी ने नवंबर 2023 में बीपीएससी के माध्यम से कक्षा एक से पांच तक की शिक्षिका के रूप में नियुक्ति पाई थी। बताया गया कि दस दिनों की छुट्टी में भी वह घर नहीं गई थीं, जिससे साथी शिक्षक चिंतित थे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।






