अंजनी कुमार
अरवल
शुक्रवार की देर शाम रात्रि गश्ती के दौरान मेहंदिया थाना पुलिस ने जमुहारी गांव के समीप एक टेंपो से 336 लीटर देशी महुआ शराब बरामद की। पुलिस को देखते ही टेंपो चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पुलिस ने शराब लदे टेंपो को जब्त कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम शुक्रवार की देर शाम रात्रि गश्ती पर निकली थी। इसी दौरान जैसे ही पुलिस टीम जमुहारी गांव के पास पहुंची, इस्मालपुर कोयल की ओर से एक टेंपो आता दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखते ही चालक ने टेंपो रोक दिया और पुलिस के पहुंचने से पहले ही अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने टेंपो की जांच की तो उसमें बड़ी मात्रा में देशी महुआ शराब मिली। जांच के दौरान कुल 336 लीटर शराब बरामद की गई।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। शराब के निर्माण एवं तस्करी से जुड़े संभावित ठिकानों की भी जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि शराब को बिक्री के उद्देश्य से कहीं ले जाया जा रहा था। फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस कार्रवाई कर रही है।थानाध्यक्ष मनोरंजन कुमार ने बताया कि मामले में टेंपो के चालक एवं मालिक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शराब के स्रोत और इसके गंतव्य का पता लगाने के साथ-साथ पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। फरार चालक को गिरफ्तार करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।





