ANJANI KUMAR
अरवल
पटना के पिपरा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही भैंस चोरी की घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस ने मेहंदिया थाना क्षेत्र के वलिदाद नट बिगहा में शनिवार की सुबह छापेमारी कर दो पिकअप वाहनों से पांच भैंस एवं एक बच्चा तथा एक स्कॉर्पियो बरामद की। करीब चार घंटे तक चली कार्रवाई में पिपरा थाना पुलिस ने मेहंदिया थाना पुलिस के सहयोग से यह कार्रवाई की। पुलिस की भनक लगते ही पशु चोरी एवं तस्करी से जुड़े लोग मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, पिपरा थाना क्षेत्र में लगातार भैंस चोरी की घटनाएं हो रही थीं। जांच के क्रम में पिपरा थाना पुलिस को पता चला कि चोरी की भैंसों को मेहंदिया थाना क्षेत्र के वलिदाद नट बिगहा में रखा गया है। इसके बाद पिपरा थाना की पुलिस टीम मेहंदिया पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से शनिवार की सुबह बताए गए ठिकाने पर छापेमारी की।छापेमारी के दौरान पिकअप, मैजिक BR01GQ8891 से दो भैंस बरामद की गईं। वहीं पिकअप BR01GN0973 से तीन भैंस एवं एक भैंस का बच्चा बरामद हुआ। इसके अलावा स्कॉर्पियो BR01JW2320 को भी पुलिस ने बरामद कर सत्यापन के लिए कब्जे में लिया है। पुलिस के अनुसार, उक्त स्कॉर्पियो का इस्तेमाल घटना से पहले रेकी के लिए किए जाने की आशंका है।
करीब चार घंटे चली कार्रवाई के बाद पुलिस ने सभी बरामद पशुओं और वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस अब बरामद भैंसों के संबंध में सत्यापन करने के साथ ही पशु चोरी एवं तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है।
मेहंदिया थानाध्यक्ष मनोरंजन कुमार ने बताया कि वलिदाद नट बिगहा में पिपरा थाना पुलिस के सहयोग से हुई छापेमारी में दो पिकअप से पांच भैंस एवं एक बच्चा तथा एक स्कॉर्पियो बरामद हुई है। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। पशु चोरी और तस्करी में शामिल लोगों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही मामले में और कार्रवाई किए जाने की उम्मीद है।





