आम लोगों को न लगाना पड़े कार्यालय का चक्कर, समय पर करें कार्यों का निष्पादन – डीएम
अंजनी कुमार
अरवल
जिला पदाधिकारी श्रीमती अमृषा बैंस द्वारा गुरुवार को कलेर प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया । निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य कार्यालय में संचालित प्रशासनिक और जनकल्याणकारी कार्यों की प्रगति, अभिलेखों के संधारण, आम जनों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं तथा विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लेना था।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने प्रखंड एवं अंचल कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का भ्रमण कर संबंधित अभिलेख एवं पंजियों का अवलोकन किया। उन्होंने पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति, कार्यालय कार्यों के निष्पादन तथा आम नागरिकों से प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की स्थिति की जानकारी ली।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनों से संबंधित कार्यों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रखंड एवं अंचल स्तर पर आने वाले आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े। सभी आवेदनों को आरटीपीएस के तहत तय समय में निपटाया जाए।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने लंबित दाखिल-खारिज, जाति, आय, निवास प्रमाण पत्र, वृद्धा पेंशन, राशन कार्ड सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। लंबित मामलों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने और सभी कर्मियों को समय पर कार्यालय आने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए, इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता उप विकास आयुक्त जिला आपूर्तिपदाधिकारी प्रखंड विकास पदाधिकारी सुशील कुमार, अंचल अधिकारी उत्तम राहुल राजस्व पदाधिकारी रतन कुमार झा सहित सभी प्रखंड एवं अंचल कर्मी उपस्थित थे।






