कुल्हड़िया मोड़ पर ट्रक से टकराई कार, दो युवकों की मौत
NH-19 पर कुल्हड़िया मोड़ के पास शनिवार को एक कार पीछे से ट्रक में जा टकराई। हादसे में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दुर्गावती पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को सदर अस्पताल, भभुआ रेफर कर दिया गया।
सदर अस्पताल पहुंचते ही घायल रंजीत कुमार की मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल अभिषेक कुमार को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही अभिषेक ने भी दम तोड़ दिया।
हादसे में कुंदन कुमार, आदित्य कुमार और अक्षय कुमार घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। बताया जाता है कि सभी युवक अरवल जिले के निवासी हैं और अपनी निजी कार से विश्वनाथ जी का दर्शन कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान कुल्हड़िया मोड़ के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार सभी पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।







