सीएफएमएस 2.0 पोर्टल पर कार्यशाला हुई
तरारी बीडीओ कार्यालय के सभागार में बुधवार को बीडीओ कुंदन कुमार की अध्यक्षता में सीएफएमएस 2.0 पोर्टल से संबंधित बैठक एवं कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में प्रखंड संसाधन केंद्र तरारी के लेखापाल विनोद सिंह ने उपस्थित विद्यालय प्रधानों को सीएफएमएस 2.0 पोर्टल के संचालन और उससे जुड़ी प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम को दो चरणों में आयोजित किया गया। पहले चरण में प्रखंड के सभी माध्यमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक और उप प्रधानाध्यापक शामिल हुए। वहीं दूसरे चरण में सभी प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों के प्रधान शिक्षक, उप प्रधानाध्यापक और प्रभारी प्रधानाध्यापकों के लिए कार्यशाला आयोजित की गई। बैठक के दौरान बीडीओ ने पोर्टल से जुड़े कार्यों को समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने पर जोर दिया, ताकि विद्यालय स्तर की प्रशासनिक व वित्तीय व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।




