ANJANI KUMAR
अरवल
मेहंदिया थाना क्षेत्र के कोनी कुट्टी स्थित एनएच-139 के किनारे रविवार को अनियंत्रित थार वाहन ने सड़क किनारे बैठी मां-बेटी को रौंद दिया. हादसे में रागिनी कुमारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां मुन्नी देवी गंभीर रूप से घायल हो गई. इसके बाद अनियंत्रित थार ने एक गुमटी और मकान में टक्कर मार दी, जिससे मकान के आगे बर्तन धो रही सुनामी कुमारी भी गंभीर रूप से घायल हो गई. दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है.
जानकारी के अनुसार, कोनी कुट्टी गांव निवासी धनंजय चंद्रवंशी की पत्नी मुन्नी देवी अपनी बेटी रागिनी कुमारी के साथ एनएच-139 के किनारे स्थित प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्री के पास बैठी थीं। इसी दौरान मेहंदिया की ओर से कलेर की तरफ जा रही काले रंग की थार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बैठी मां-बेटी को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि रागिनी कुमारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां मुन्नी देवी गंभीर रूप से घायल हो गई.
मां-बेटी को टक्कर मारने के बाद भी थार नहीं रुकी और थोड़ी दूरी आगे सड़क किनारे स्थित एक गुमटी में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर से गुमटी क्षतिग्रस्त हो गई. संयोगवश उस समय गुमटी में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी घटना टल गई. इसके बाद वाहन ने गुमटी के बगल स्थित उपेंद्र पासवान के मकान में टक्कर मार दी. उस समय मकान के आगे उपेंद्र पासवान की पुत्री सुनामी कुमारी बर्तन धो रही थी. वाहन की चपेट में आने से सुनामी कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई.
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और आक्रोशित होकर सड़क जाम कर दिया. सूचना मिलते ही मेहंदिया थानाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, कलेर बीडीओ सुशील कुमार, माले नेता जितेंद्र यादव, लोजपा के वशिष्ठ पासवान समेत अन्य लोग घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद सड़क पर यातायात बहाल कराया गया.
घायल मुन्नी देवी एवं सुनामी कुमारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है. वहीं, कलेर बीडीओ सुशील कुमार ने मृतका रागिनी कुमारी के आश्रितों को पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की.
मेहंदिया थानाध्यक्ष मनोरंजन कुमार ने बताया कि घटना में शामिल काले रंग की थार गाड़ी को पुलिस ने जब्त कर लिया है. वाहन घटनास्थल पर ही खड़ी हो गई थी, जिसे पुलिस थाना ले गई। मामले की जांच की जा रही है.
हादसे में रागिनी कुमारी की मौत हो गई, जबकि उसकी मां मुन्नी देवी और दूसरे घर की सुनामी कुमारी गंभीर रूप से घायल हैं.घटना के बाद किनी कुट्टी और आसपास के इलाके में शोक एवं आक्रोश का माहौल बना हुआ है.






